बूंदी, 6 अक्टूबर। नागरिक अभिव्यक्ति। पाली जिले के खंडाला-फालना में आयोजित 70वीं एसजीएफआई राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में बूंदी की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में लवप्रीत कौर, पायल और ओजस्वी शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तीनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से बूंदी के खेलप्रेमियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
संगठन बूंदी के अध्यक्ष संजय बाहेती ने बताया कि लवप्रीत कौर ने शतरंज के साथ पढ़ाई के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि लवप्रीत हाड़ौती क्षेत्र की पहली इंटरनेशनल फेडरेटेड शतरंज खिलाड़ी हैं और उनकी फीडे रेटिंग 1569 है।
संजय बाहेती के अनुसार पायल और ओजस्वी शर्मा को भी शतरंज में आगे बढ़ाने में लवप्रीत कौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। तीनों खिलाड़ियों के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन और राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन को बूंदी के लिए गौरव की उपलब्धि माना जा रहा है।
खेलप्रेमियों और अभिभावकों ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर बूंदी और राजस्थान का नाम रोशन करेंगी।
