नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
राजकीय कन्या महाविद्यालय, बूंदी में बुधवार को नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के तत्वावधान में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगी और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे के खतरों के प्रति जागरूक करेंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप यादव ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सकारात्मक सोच और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। साथ ही छात्राओं को समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।
नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के प्रभारी डॉ. विनोद कुमार मीणा ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए जनजागरूकता और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। विद्यार्थी जीवन से ही नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता विकसित होने से युवा स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अपना भविष्य सुरक्षित बना सकते हैं।
