नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
राजकीय कन्या महाविद्यालय बूंदी में छात्राओं को सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। रानी लक्ष्मीबाई केंद्र, नवाचार एवं प्लेसमेंट सेल तथा महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. चंपा अग्रवाल की अध्यक्षता और नवाचार प्रभारी डॉ. मनीलता पचानौत के निर्देशन में विकसित भारत जन अभियान के तहत सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के अंतर्गत किया गया। शिविर के पहले दिन 32 छात्राओं ने पंजीकरण कराया।
राजस्थान पुलिस विभाग की हेड कांस्टेबल एवं मुख्य प्रशिक्षक मोनिका मीणा ने छात्राओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों, डिजिटल सुरक्षा और लैंगिक संवेदनशीलता जैसे विषयों पर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने और आपात स्थिति में साहस के साथ सामना करने के तरीके बताए। शिविर का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
