बूंदी। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान के निर्देशन में 1 से 15 नवंबर तक आयोजित जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के तहत सोमवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय, बूंदी में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं और संकाय सदस्यों ने भाग लेकर परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक दायित्व भी है। स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को नियमित रूप से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रभारी डॉ. रवि वैष्णव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति, पर्यावरण और स्वच्छता को विशेष महत्व दिया गया है। जनजातीय समाज की जीवनशैली भी प्रकृति के साथ सामंजस्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और संकाय सदस्यों ने महाविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता संबंधी गतिविधियां कीं। सभी ने परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
