बूंदी, 8 अक्टूबर। निर्वाचन साक्षरता क्लब के अंतर्गत विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के दौरान बुधवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कैंप आयोजित किया गया। कैंप में महाविद्यालय की छात्राओं को मतदाता पंजीकरण और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कैंप के दौरान बीएलओ महादेव सैनी एवं ओमप्रकाश गुर्जर ने छात्राओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने मतदाता सूची में नाम की जांच करने, पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेजों तथा पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ निर्वाचन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. संदीप यादव ने कहा कि युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना चाहिए। साथ ही उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदाता पंजीकरण कराने तथा मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।
ईएलसी प्रभारी भोला ने बताया कि निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से महाविद्यालय की छात्राओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने और उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बनाने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
