नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
बूंदी। राजकीय कन्या महाविद्यालय में मंगलवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. संदीप यादव के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में नवमतदाता पंजीकरण शिविर के साथ निबंध और पोस्टर प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मतदान के महत्व और लोकतंत्र में युवा मतदाताओं की भूमिका को अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया।
शिविर में पात्र छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ओमप्रकाश गुर्जर और महादेव सैनी ने छात्राओं को पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया समझाई तथा फॉर्म नंबर 6 भरवाए।
भाग्यश्री मेहर और डिंपल प्रजापत ने मारी बाजी
निबंध प्रतियोगिता में भाग्यश्री मेहर ने प्रथम, डिंपल प्रजापत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मनी जिंदल और लक्ष्मी राठौर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में डिंपल प्रजापत प्रथम, अनिशा कुशवाहा द्वितीय तथा माधवी वर्मा और जेनब फातमा संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. तन्वी खुराना और भगवान सिंह शामिल रहे।
ईएलसी प्रभारी भोला ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण तथा मतदान के अधिकारों और दायित्वों के प्रति जागरूक करना है। छात्राओं ने अपनी रचनाओं के जरिए मतदान को लोकतांत्रिक अधिकार के साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी बताया।
