नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश लेकर बूंदी जिले में युवा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत संगठन के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (एनवाईवी) गोविंद कुम्हार (प्रजापत) ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत अब तक तालेड़ा, बूंदी और हिंडोली ब्लॉक के 11 हजार से अधिक युवाओं तक पहुंच चुके हैं।
गोविंद कुम्हार स्कूलों और कॉलेजों में जाकर नशे के दुष्परिणामों पर कार्यशालाएं आयोजित कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों में युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने के साथ नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई जा रही है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
इस अभियान के तहत भेरूपुरा ओझा, ओकरपुरा, तालेड़ा, अकतासा, रामगंज बालाजी, हटीपुरा, रघुवीरपुरा, दौलतपुरा, बड़ा नयागांव, सत्तूर और माटुंदा सहित कई गांवों में गतिविधियां आयोजित की गई हैं। राजकीय और गैर-राजकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में भी युवाओं को अभियान से जोड़ा जा रहा है।
जागरूकता को संवाद और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए निबंध, पोस्टर और भाषण प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं। इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया जाता है, ताकि युवा नशामुक्ति के संदेश को समझने के साथ उसे दूसरों तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित हों।
