नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत शुक्रवार को शिव कॉलोनी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय उन्दालियों की डूंगरी में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बालचंद पाड़ा के तत्वावधान में लगे शिविर में कुल 73 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार और परामर्श दिया गया। गर्भवती महिलाओं की भी जांच की गई और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में डॉ. मोहन लाल वर्मा और डॉ. ओपी वर्मा ने मरीजों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। मरीजों को जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक परीक्षण किए गए।
नर्सिंग ऑफिसर यश सक्सेना ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को इनके लाभ के प्रति जागरूक किया गया। टीबी मुक्त भारत अभियान और तंबाकू मुक्त अभियान के तहत आईईसी गतिविधियां आयोजित कर टीबी से बचाव तथा तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया।
शिविर में हेल्थ मैनेजर संदीप तेजस्वी, एएनएम सुनीता शर्मा, गुंजन बचनानी एवं दीना चौधरी, लैब टेक्नीशियन ओमप्रकाश, सहायक कर्मी दुर्गा शंकर बैरवा तथा आशा सहयोगिनी लीला नायक ने सेवाएं दीं।
