बूंदी | नागरिक अभिव्यक्ति। शहर के मीरा गेट और मालन मासी बालाजी क्षेत्र में मंगलवार सुबह बिजली के हाई वोल्टेज आने से लोगों में हड़कंप मच गया। अचानक वोल्टेज बढ़ने से एक दर्जन से अधिक घरों और दुकानों में बिजली के उपकरण जलकर खराब हो गए। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
तेज वोल्टेज से घरेलू उपकरणों को नुकसान
क्षेत्रीय पार्षदों और गणमान्य नागरिकों मनोज गोचर, श्याम सैनी तथा सुरेश गुर्जर ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7 बजे अचानक बिजली का वोल्टेज बढ़ गया। इसकी चपेट में आने से कई घरों और दुकानों में लगे बिजली के उपकरण खराब हो गए।
श्याम सैनी के घर में वोल्टेज का असर इतना तेज था कि एक कमरे में रखा एसी, एलईडी टीवी और फ्रिज नीचे गिर गए। इस दौरान चिंगारियां निकलने से कमरे में रखा अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया।
बड़ा हादसा टला, परिवारों को आर्थिक नुकसान
अचानक हुए इस घटनाक्रम से क्षेत्र के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई और जनहानि नहीं हुई। हालांकि, बिजली के उपकरणों और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचने से प्रभावित परिवारों को आर्थिक क्षति हुई है।
बिजली विभाग से जांच और मुआवजे की मांग
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से मामले की जांच कर हाई वोल्टेज आने के कारणों का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। प्रभावित लोगों ने नुकसान का आकलन करवाकर उचित मुआवजा देने की भी मांग की।
