बूंदी। राजकीय कन्या महाविद्यालय, बूंदी में कला परिषद के अंतर्गत हिंदी विभाग के तत्वावधान में हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, सम्मान एवं जागरूकता विकसित करने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान छात्राओं के लिए निबंध लेखन, नारा लेखन, स्वरचित कविता पाठ, पोस्टर निर्माण और भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं।
प्राचार्य डॉ. संदीप यादव ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों से जुड़ी भाषा है। वर्तमान समय में हिंदी का महत्व लगातार बढ़ रहा है तथा डिजिटल माध्यमों, शिक्षा, साहित्य, संचार और प्रशासन के क्षेत्रों में इसका व्यापक उपयोग हो रहा है। उन्होंने छात्राओं को हिंदी भाषा के प्रति गौरव की भावना रखते हुए इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनीलता पंचनोत ने कहा कि हिंदी दिवस जैसे आयोजन छात्राओं को अपनी भाषा के महत्व को समझने और अपनी प्रतिभा को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं। उन्होंने छात्राओं से प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने और हिंदी के प्रचार-प्रसार में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय “वर्तमान समय में हिन्दी भाषा का महत्व” और नारा लेखन प्रतियोगिता का विषय “हिन्दी का महत्व” रखा गया। कार्यक्रम में स्वरचित कविता पाठ, नारा वाचन, निबंध लेखन, पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता में माधवी वर्मा ने प्रथम, अंजली वर्मा ने द्वितीय तथा तमन्ना गुर्जर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
नारा वाचन प्रतियोगिता में डिंपल प्रजापत प्रथम, माधवी वर्मा द्वितीय तथा तमन्ना गुर्जर तृतीय रहीं।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में डिंपल प्रजापत ने प्रथम, अंजली वर्मा ने द्वितीय तथा जैनाब फातिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में माधवी वर्मा प्रथम, डिंपल प्रजापत द्वितीय तथा उर्मिला एवं जसप्रीत ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं भाषण प्रतियोगिता में माधवी वर्मा प्रथम, अंजली वर्मा द्वितीय तथा जैनाब फातिमा तृतीय स्थान पर रहीं।
निर्णायक मंडल में रहे ये सदस्य
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में इतिहास विभाग से डॉ. चंपा अग्रवाल, गृह विज्ञान विभाग से डॉ. तन्वी खुराना, भूगोल विभाग से भगवान सिंह, वाणिज्य विभाग से योगिता शर्मा एवं मुस्कान गोदिका शामिल रहीं।
कार्यक्रम का मंच संचालन रूबी शर्मा ने किया। आयोजन के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हिंदी भाषा के प्रति अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
