बूंदी। हिंदी दिवस के अवसर पर डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में संगोष्ठी एवं कहानी लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिंदी भाषा के महत्व, संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सविता लौरी ने कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक पहचान, भावनात्मक एकता और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राध्यापकों एवं छात्राध्यापिकाओं को हिंदी के अध्ययन, लेखन तथा प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सहायक आचार्य कृष्ण कांत राठौर एवं सीम शर्मा सहित छात्राध्यापक कचरु लाल भगोरा, आरती गौचर, ज्योति मेघवाल, मनोज कुमार प्रजापत और रविंद्र कुमार ने हिंदी भाषा की उपयोगिता एवं इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
कहानी लेखन प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के छात्राध्यापक एवं छात्राध्यापिकाओं ने कहानी लेखन प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता और लेखन प्रतिभा के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, मानवीय संवेदनाओं तथा समसामयिक विषयों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में पूजा चमार ने प्रथम, राकेश कुमार ने द्वितीय तथा विशाल बैरवा ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन छात्राध्यापिका भूमि चौधरी ने किया।
