बूंदी, 15 सितंबर। बूंदी शहर के ऐतिहासिक 10 दरवाजों के जीर्णोद्धार व सौंदर्यकरण का कार्य इंटेक के माध्यम से किया जाएगा। इस कार्य में आ रही विभिन्न रूकावटो को दूर करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई ।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि शहर को चरणबद्ध रूप से विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में इंटेक द्वारा शहर के ऐतिहासिक महत्व के दरवाजों का भी सौंदर्यकरण कार्य किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि झूलते हुए तारों को अंडरग्राउंड करवाए, दरवाजों के पास स्थित ट्रांसफार्मर व विद्युत पोल को विभागीय नियम अनुसार दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए । बीएसएनएल व अन्य प्राइवेट ऑपरेटरों की टेलीफोन लाइन, टेलिफोन पोल एवं फाइबर लाइन को कार्य योजना बनाकर भूमिगत किया जाए।
उन्होंने नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता व तहसीलदार को निर्देश दिए कि इन दरवाजो के समीप हो रहे अवैध अतिक्रमणों को हटवाए ताकि निर्माण कार्य शुरू किया जा सके। सभी संबंधित विभाग आपसी सामंजस्य व बेहतर कार्य योजना बनाकर इस कार्य में आ रही चुनौतियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करवाते हुए शहर का सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण करवाएं।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर एच.डी. सिंह, तहसीलदार जतिन दिनकर, इंटेक संयोजक राजकुमार दाधीच, पर्यटन अधिकारी प्रेम शंकर सैनी, नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता धर्मेंद्र कुमार मीणा सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहें।
