बूंदी, 17 सितंबर। नेशनल चंबल सेंचुरी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और लुप्तप्राय जलीय वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक बुधवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) रमेश देव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत अब तक की गई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर रमेश देव ने निर्देश दिए कि अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चंबल सेंचुरी क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को विशेष प्रयास करते हुए क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में नेशनल चंबल सेंचुरी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन की रोकथाम के साथ-साथ लुप्तप्राय जलीय वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए टास्क फोर्स के उद्देश्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप वन संरक्षक आरवीटीआर अरुण कुमार डी, उपखंड अधिकारी केशोरायपाटन जगदीश प्रसाद, उपखंड अधिकारी लाखेरी जवाहर जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
