नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
बूंदी महोत्सव-2026 के तहत शहर के कुंभा स्टेडियम में 28 नवंबर से 7 दिसंबर तक बूंदी उद्योग एवं हस्तशिल्प मेला आयोजित होगा। मेले में हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ आमजन को खरीदारी का अवसर मिलेगा। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में रमेश देव ने मेला स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और मोबाइल शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने, यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करने और परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। उन्होंने अग्निशमन व्यवस्था के साथ चिकित्सा विभाग की टीम और मोबाइल वैन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मेले में लगने वाली स्टॉल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनका बीमा करवाने पर भी जोर दिया।
मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पारंपरिक स्वागत की व्यवस्था भी रहेगी। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने पर्यटन विभाग को 29 नवंबर को सांस्कृतिक संध्या आयोजित करने तथा मुख्य द्वार पर शहनाई वादक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेले में अमृता हाट के लिए भी स्टॉल लगाने की व्यवस्था की जाएगी।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक संजय भारद्वाज ने बताया कि मेला प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। बैठक में पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक शरद व्यास, जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
