नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं में रचनात्मकता और तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘इनोवेटिव टच’ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से बालिकाओं के मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ एआई तकनीक के सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उमंग संस्थान की अध्यक्ष सविता लौरी ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत “लड़कियों के 5 मौलिक अधिकार” विषय पर एआई-जनरेटेड डिजिटल आर्ट या इंफोग्राफिक तैयार करने के लिए प्रतिभागियों को आमंत्रित किया गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य डिजिटल तकनीक और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से बालिकाओं के अधिकारों, समान अवसरों तथा सशक्तीकरण के प्रति सामाजिक जागरूकता विकसित करना है। प्रतिभागी अपने डिजिटल आर्ट या इंफोग्राफिक के माध्यम से बालिकाओं के अधिकारों से जुड़े संदेश को प्रभावशाली और नवाचारी तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे।
पांच मौलिक अधिकार होंगे प्रतियोगिता का केंद्र
कार्यक्रम प्रभारी अनुराधा लोकेश जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को शिक्षा का अधिकार, स्वास्थ्य एवं पोषण का अधिकार, सुरक्षा एवं समानता का अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा बाल विवाह एवं भेदभाव से संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रस्तुति तैयार करनी होगी। इन विषयों के माध्यम से बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और समान अवसरों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
दो आयु वर्गों में ले सकेंगे भाग
प्रतियोगिता में 10 से 18 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए कनिष्ठ वर्ग तथा 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए वरिष्ठ वर्ग निर्धारित किया गया है। प्रविष्टियां एआई-जनरेटेड डिजिटल आर्ट या इंफोग्राफिक के रूप में JPG, PNG अथवा PDF फॉर्मेट में स्वीकार की जाएंगी। प्रतिभागी Midjourney, DALL-E, Canva, Leonardo जैसे एआई टूल्स की सहायता से मौलिक रचनाएं तैयार कर सकते हैं। प्रविष्टि के साथ इस्तेमाल किए गए एआई टूल या प्रॉम्प्ट का उल्लेख करना अनिवार्य होगा, जहां लागू हो। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रविष्टि भेज सकेगा।
विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
कार्यक्रम संयोजिका वरिन्दर कौर ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार, उपहार, ट्रॉफी अथवा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को सहभागिता का ई-प्रमाण पत्र दिया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां 11 अक्टूबर तक ईमेल umangbundi@gmail.com पर भेज सकते हैं।
