बूंदी। दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व के तहत सोमवार को जैन समाज की ओर से भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जैन मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन हुए और श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक पर निर्वाण लड्डू अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
महोत्सव की शुरुआत सुबह भगवान महावीर स्वामी की विशेष शांतिधारा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद उनके मोक्ष प्राप्ति के प्रतीक स्वरूप निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में नमन कर सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की। मंदिरों में सुबह से ही दर्शन और पूजा के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था।
आयोजन में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साह से भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर समाज के लोगों ने भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और संयम के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
