ADVERTISEMENT
ब्रेकिंग न्यूज़
• हाड़ौती अंचल: कोटा में नए रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट के लिए 120 करोड़ का अतिरिक्त बजट स्वीकृत • चुनाव आयोग ने आगामी निकाय चुनाव हेतु वोटर लिस्ट अपडेशन की समय सीमा बढ़ाई • राजस्थान बोर्ड परीक्षा 2026 की समय सारिणी घोषित, शिक्षा विभाग की बड़ी तैयारी • टी20 वर्ल्ड कप: भारतीय टीम ने दूसरे मुकाबले में भी दर्ज की धमाकेदार जीत
नागरिक अभिव्यक्ति
होम / शहर / लेख विस्तार
शहर

बूंदी में तपस्वियों और नवनिर्वाचित पार्षदों का अभिनंदन, 86 तपस्वियों का किया सम्मान

सकल जैन समाज के समारोह में पर्यूषण पर्व पर त्याग-तपस्या करने वाले व्रतियों और 17 नवनिर्वाचित पार्षदों का सम्मान

संवाददाता
विशेष संवाददाता विशेष रिपोर्टर
अक्षर आकार:
बूंदी में तपस्वियों और नवनिर्वाचित पार्षदों का अभिनंदन, 86 तपस्वियों का किया सम्मान
बूंदी में तपस्वियों और नवनिर्वाचित पार्षदों का अभिनंदन, 86 तपस्वियों का किया सम्मान
ADVERTISEMENT
खबर शेयर करें:

बूंदी, 19 अक्टूबर। नागरिक अभिव्यक्ति

बूंदी के देवपुरा स्थित बघेरवाल छात्रावास में सकल जैन समाज की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पर्यूषण पर्व के दौरान त्याग, तप और तपस्या करने वाले तपस्वियों के साथ हाल ही में निर्वाचित वार्ड पार्षदों तथा कृषि उपज मंडी अध्यक्ष और सचिव का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि नगर परिषद सभापति भरत शर्मा ने अध्यक्षता की। उपसभापति संजय भूटानी और छह बार निर्वाचित पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष टीकम जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विधायक हरिमोहन शर्मा ने कहा कि जन सहयोग से ही बूंदी शहर प्रगति की राह पर आगे बढ़ सकता है। जैन धर्म का पर्यूषण पर्व धर्म की ज्योति को प्रखर करता है। इस दौरान उपवास, त्याग और तपस्या के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बनाता है और मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर होता है। नगर परिषद सभापति भरत शर्मा ने कहा कि समाज के सहयोग से बूंदी को स्वच्छ रखा जा सकता है और पर्यटन के क्षेत्र में शहर को विश्व मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जा सकता है। उपसभापति संजय भूटानी और टीकम जैन ने भी विचार व्यक्त किए।

सकल जैन समाज के सचिव आदित्य भंडारी ने बताया कि पर्यूषण पर्व 2026 के दौरान तप, त्याग और तपस्या करने वाले व्रतियों के साथ नगर परिषद बूंदी और विभिन्न नगर पालिकाओं में निर्वाचित 17 पार्षदों का अभिनंदन किया गया। कृषि उपज मंडी अध्यक्ष अनिल जैन हरसोरा और सचिव सौरभ भंडारी का भी सम्मान किया गया। नैनवां नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णा मित्तल, उपाध्यक्ष नीतू जैन मारवाड़ा, वरिष्ठ पार्षद पुखराज ओसवाल, प्रमोद जैन, कापरेन से अशोक बाकलीवाल और बूंदी से संस्कृति जैन सहित पार्षदों को साफा पहनाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। स्मृति चिह्न के प्रायोजक उत्तम जी और सुशील जी छाजेड़ का भी स्वागत किया गया।

सकल जैन समाज के मीडिया प्रभारी रविंद्र काला ने बताया कि समारोह में पर्यूषण पर्व के दौरान तीन या इससे अधिक उपवास करने वाले तपस्वियों का बहुमान किया गया। इनमें 26 वर्षों से लगातार वर्षीतप कर रहीं गुलाब भंडारी, 11 उपवास करने वाली अनुकंपा भड़कतया और इतिशा छाजेड़ तथा 10 उपवास करने वाले प्रवीण जैन, अविनाश गंगवाल, यूनिक लाबांबास, डोली कासलीवाल और भावना कोठारी शामिल रहे। इनके अलावा पांच और तीन उपवास करने वाले लगभग 86 तपस्वियों को शाल ओढ़ाकर, दुपट्टा व माला पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के संयोजक एडवोकेट संजय जैन ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। सकल जैन समाज के अध्यक्ष महावीर जैन धनोपिया ने स्वागत भाषण दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर स्वामी की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। दर्शिका कोटिया ने मंगलाचरण किया और नीतू जैन ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। मंच संचालन ओमप्रकाश ठग और एडवोकेट संजय जैन ने किया।

इस अवसर पर समाज के संरक्षक त्रिलोकचंद जैन, कार्याध्यक्ष ओमप्रकाश बड़जात्या, कोषाध्यक्ष रामविलास जैन, खंडेलवाल-सरावगी समाज अध्यक्ष संतोष पाटनी, श्रीमाल जैन समाज अध्यक्ष सुमति प्रकाश जैन, श्वेतांबर स्थानकवासी समाज अध्यक्ष विमल भड़कतीया, बघेरवाल समाज नगदी बाजार अध्यक्ष महावीर हरसोरा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT
लेखक

विशेष संवाददाता

नागरिक अभिव्यक्ति विशेष डिजिटल रिपोर्टर एवं विश्लेषक।

comment पाठकों की प्रतिक्रिया (Comments)

अपनी राय दर्ज करें: