नागरिक अभिव्यक्ति | बूंदी राजस्व रिकॉर्ड में नाम की एक गलती के कारण भोपतपुरा निवासी सोनू कुमार को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और राजस्व संबंधी काम कराने में परेशानी हो रही थी। ग्राम पंचायत बल्लोप में आयोजित विकसित भारत जन सेवा अभियान के शिविर में आवेदन देने के बाद उनके नाम की त्रुटि ठीक कर दी गई।
सोनू कुमार, पुत्र कन्हैया लाल, की भोपतपुरा स्थित खातेदारी भूमि के रिकॉर्ड में उनका नाम ‘सोनू कुमार’ के बजाय ‘सेनू कुमार’ दर्ज था। इस अशुद्धि के चलते उन्हें लंबे समय से अलग-अलग कामों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
शिविर की जानकारी मिलने पर सोनू ने वहां आवेदन प्रस्तुत किया। राजस्व विभाग की टीम ने मामले की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और रिकॉर्ड में नाम शुद्ध कर दिया। बरसों पुरानी समस्या का समाधान होने पर सोनू कुमार ने राहत जताई और शिविर में हुई त्वरित कार्रवाई के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
