बूंदी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर बूंदी पुलिस की त्वरित कार्रवाई का मामला सामने आया है। मंगलवार को नाबालिग लड़की को परेशान करने, उसका पीछा करने और धमकी देने की सूचना मिलने पर कालिका पेट्रोलिंग टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को मौके से पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को महिला थाना बूंदी पहुंचाया गया, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम और उनकी सुरक्षा के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
रोजाना पीछा कर बात करने के लिए देता था धमकी
मंगलवार को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-2 में तैनात महिला कांस्टेबल रक्षा और मनीषा को एक लड़की ने सूचना दी कि एक युवक रोजाना उसका पीछा करता है और उससे बात करने के लिए धमकी देता है। युवक की लगातार हरकतों से वह परेशान थी।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए कालिका टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, वहां एक युवक लड़की को परेशान और छेड़छाड़ करता हुआ मिला। टीम ने तत्काल युवक को पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धनराज मीणा (21) पुत्र फालूलाल मीणा, निवासी कुवारती मंडी बताया। कालिका टीम ने आरोपी को चेतक के जरिए महिला थाना बूंदी पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, लड़की की शिकायत और मौके की परिस्थितियों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 74, 75(2), 78(2), 115(2), 126(2), 352(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 और 11/12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
बूंदी पुलिस की ओर से बताया गया कि कालिका टीम के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों, शिक्षण संस्थानों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। शिकायत मिलने पर टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, पीछा करने, धमकी देने या किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान यथासंभव गोपनीय रखी जाएगी और शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
