बूंदी। नमामि भारतम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खानखेड़ा में वंदे मातरम् सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक प्रधानाध्यापक महावीर सोनी ने कहा कि राष्ट्रगीत देश के प्रति सम्मान, गौरव और समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना एवं देशभक्ति की भावना विकसित होती है तथा वे भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय विरासत से जुड़ते हैं।
कार्यक्रम संयोजक पिंकी गौत्तम ने बताया कि वंदे मातरम् का सामूहिक गायन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
इस दौरान विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामीणजन भी मौजूद रहे।
