बूंदी। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खानखेड़ा के इको क्लब की ओर से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों ने अपने निबंधों और आकर्षक स्लोगनों के माध्यम से ओजोन परत के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। कार्यक्रम में इको क्लब प्रभारी हनुमान सैनी ने ओजोन परत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे पृथ्वी का प्राकृतिक सुरक्षा कवच बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि ओजोन परत सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर विद्यार्थियों से अपने स्तर पर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर “ओजोन बचाएं, भविष्य बचाएं” का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने ओजोन परत के संरक्षण तथा पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ ली। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
