बूंदी। विकसित भारत–जन सेवा अभियान 2026 के तहत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खानखेड़ा के तत्वावधान में बुधवार को सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में सेवा ज्योति कलश और जनसेवा से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर गांव के विभिन्न मार्गों से भ्रमण किया।
ढोल की थाप के साथ निकली शोभायात्रा में विद्यार्थियों ने जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े नारे लगाए। विद्यार्थियों के उत्साह और सेवा भावना से गांव का माहौल जनसेवा के संदेशों से गूंज उठा। ग्रामीणों ने भी शोभायात्रा का स्वागत करते हुए इसमें सहभागिता की।
विद्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों में सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता और विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को जरूरतमंदों की सहायता करने, स्वच्छता बनाए रखने, पौधारोपण को बढ़ावा देने, शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया।
शोभायात्रा में विद्यालय के प्रधानाध्यापक महावीर सोनी, हनुमान सैनी, दिनेश शर्मा, शिवांगी राठौड़ एवं पिंकी गौतम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मनोहर चौधरी, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीणजन शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने शोभायात्रा में सहयोग और सहभागिता के लिए ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। साथ ही सेवा, सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
