बूंदी। माहे जमादिउल आखिर शरीफ का चांद नजर आने के साथ ही मुस्लिम समाज में ख्वाजा गरीब नवाज की छठी शरीफ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह पर्व 17 नवंबर, मंगलवार को अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर धार्मिक महफिलों के साथ नियाज, फातिहा और लंगर के आयोजन होंगे।
राजस्थान काजी काउंसिल के संरक्षक पीरजादा अब्दुल शकूर कादरी की सरपरस्ती और हिलाल कमेटी के सदर शहर काजी पीरजादा इमरान कादरी की सदारत में हिलाल कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इसमें माहे जमादिउल आखिर शरीफ के चांद की स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया और इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार पहली तारीख की घोषणा की गई।
बूंदी जिला वक्फ कमेटी के सचिव मौलाना असलम ने बताया कि इस्लामिक कैलेंडर वर्ष 1448 हिजरी के छठे माह जमादिउल आखिर शरीफ की पहली तारीख 12 नवंबर, गुरुवार निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर, मंगलवार को 29वां चांद जिले के आसपास सहित देश में कहीं भी दिखाई नहीं दिया और न ही चांद की शरई शहादत प्राप्त हुई। इसके बाद 30वें दिन बुधवार को चांद की रूयत आम होने पर 12 नवंबर को पहली तारीख घोषित की गई।
मौलाना असलम ने बताया कि हजरत ख्वाजा गरीब नवाज रहमतुल्लाह अलैह की छठी शरीफ 17 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी। इस मौके पर विभिन्न स्थानों पर महफिलें आयोजित की जाएंगी। घरों में नियाज और फातिहा की रस्म अदा होगी तथा अकीदतमंदों के बीच लंगर तकसीम किया जाएगा।
बैठक में हाजी अब्दुल सत्तार, मौलाना असगरुल कादरी, अजीज कादरी, मोहम्मद अहमद रजा, मेहमूद अली और जमशेदुर रहमान सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
