बूंदी। बूंदी में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे कोटा के एक सक्रिय अपराधी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध धारदार बटनदार चाकू और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि दीपावली पर्व और पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान गश्त और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि कोटा शहर का आदतन अपराधी विकास वाल्मीकि बूंदी में किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। इस पर पुलिस टीम ने नानकपुरिया तिराहे से कुवारती मंडी रोड पर उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से एक धारदार बटनदार चाकू और जिंदा कारतूस मिला। इनके संबंध में वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने दोनों को जब्त कर लिया। आरोपी के कब्जे से स्कूटी (RJ20 BG 4914) भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास पंवार पुत्र पप्पूलाल वाल्मीकि (29), निवासी इंदिरा गांधी नगर, डीसीएम, थाना उद्योगनगर, कोटा शहर के रूप में हुई है। वह पूर्व में अवैध हथियार रखने और गंभीर मारपीट के मामलों में चालानशुदा है। उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से अवैध चाकू और कारतूस के स्रोत तथा उनकी खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी भंवर सिंह, एएसआई फूलचंद, एएसआई शिवराज सिंह, कांस्टेबल भवानी शंकर, दुर्गेश, नेतराम और हनुमान शामिल रहे।
