बूंदी। नगर परिषद सभापति भरत शर्मा ने वार्ड नंबर 6 स्थित कृष्णा नगर रोड पर चल रहे सड़क एवं नाला निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का मौके पर जायजा लिया।
सभापति भरत शर्मा ने मौके पर मौजूद ठेकेदार को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्माण को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की हिदायत दी।
मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन ने बताया कि क्षेत्रवासियों को राहत देने और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से सड़क एवं नाला निर्माण कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सभापति ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता अनिल मेहरा, शहर अध्यक्ष राजकुमार श्रंगी, पार्षद रामवीर गुर्जर, बालकिशन सोनी, नगेंद्र शर्मा और गौरव वर्मा सहित स्थानीय प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
