नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
आगामी पंचायत राज चुनाव में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय विधि महाविद्यालय, बूंदी में मतदाता सहायता केंद्र संचालित किया गया। मतदाता साक्षरता क्लब की ओर से कार्यालय जिला निर्वाचन बूंदी के निर्देशानुसार 9 से 14 अक्टूबर तक आयोजित इस केंद्र में युवा विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
मतदाता साक्षरता क्लब की नोडल प्रभारी डॉ. प्राजंल मिश्रा ने बताया कि सहायता केंद्र का मुख्य उद्देश्य 18 से 19 वर्ष के युवा बालक-बालिकाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में सहयोग देना और आगामी पंचायत राज चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित करना रहा।
इस दौरान महाविद्यालय के कई विद्यार्थियों ने प्रपत्र-6 प्राप्त कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के लिए प्रयास किया। सहायता केंद्र पर संकाय सदस्य डॉ. सुनीता मीणा ने विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया। महाविद्यालय प्रशासन ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने और लोकतंत्र के पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
