बूंदी। शहर के बालचंद पाड़ा स्थित सिद्धपीठ बीजासन माता मंदिर में दुर्गा अष्टमी पर मां बीजासन का महालक्ष्मी के स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। इस दौरान पांच लाख रुपए की राशि के नोटों से माता का विशेष श्रृंगार किया गया। माता के इस स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजन के चलते मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया।
शाम को सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां बीजासन के दर्शन किए और महाआरती में भाग लिया। मंदिर में पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा।
तीन दशकों के स्वरूपों की तस्वीरों की प्रदर्शनी
उत्सव के दौरान मंदिर के आसपास की गली में मां बीजासन के विभिन्न स्वरूपों की तस्वीरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। छायाकार पीयूष पाचक ने पिछले करीब 30 वर्षों में अपने कैमरे में कैद किए गए इन चित्रों को प्रदर्शित किया। तस्वीरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को बीते तीन दशकों में माता के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन करने का अवसर मिला। प्रदर्शनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
आज निकलेगी नेजे की सवारी
नवमी के अवसर पर सोमवार को ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मां बीजासन के नेजे की सवारी निकाली जाएगी। सवारी क्षेत्र में भ्रमण करते हुए नवल सागर पहुंचेगी, जहां शाम को नेजा ठंडा किया जाएगा।
मंगलवार को भजन संध्या, रात्रि जागरण और छप्पन भोग
धार्मिक आयोजनों की शृंखला में मंगलवार को भजन संध्या और गरबा कार्यक्रम होंगे। इसके बाद रात्रि जागरण किया जाएगा और माताजी के पाट उठाए जाएंगे। इस अवसर पर छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं में शहरभर में प्रसाद वितरित किया जाएगा।
