नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जंगलों और खदानों में छिपकर रह रहे थे। आसूचना संकलन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उन्हें पकड़ा।
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि तालेड़ा वृत्ताधिकारी गंगासहाय शर्मा के सुपरविजन और डाबी थानाधिकारी हेमराज शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने भुजर घाटा के जंगलों और सिंगोली की खदानों में तलाश कर पहचान छिपाकर रह रहे तीनों वांछित आरोपियों को डिटेन किया। अनुसंधान और संकलित साक्ष्यों के आधार पर अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में गोविन्दा उर्फ गोविन्द (18 वर्ष 9 माह), निवासी भुंजर कला, धर्मराज (23), निवासी नाहरगढ़ और प्रकाश (31), निवासी कोठाड़ी कुआ शामिल हैं। तीनों थाना भैंसरोड़गढ़, जिला चित्तौड़गढ़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2) और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है। कार्रवाई में वृत्ताधिकारी गंगासहाय शर्मा, थानाधिकारी हेमराज शर्मा सहित डाबी थाना पुलिस के अधिकारी और जवान शामिल रहे।
नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली कोई जानकारी प्रकाशित नहीं की गई है।
