नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
राज्य सरकार के सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत गुरुवार को नगर परिषद बूंदी में आयोजित शिविर में आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाओं का लाभ मिला। शिविर में विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र के एक-एक आवेदन, नामांतरण पत्र का एक आवेदन तथा जन्म प्रमाण पत्र के 55 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन के अनुसार शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों का निस्तारण किया गया।
शिविर का उद्देश्य आमजन को आवश्यक प्रमाण पत्र और नागरिक सेवाएं सरल, सुगम एवं त्वरित रूप से उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को इन कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
नगर परिषद की ओर से आमजन से अपील की गई कि वे शिविर में उपस्थित होकर उपलब्ध सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं। आवेदन करते समय संबंधित सेवाओं के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, जिससे प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके।
शिविर में नगर परिषद आयुक्त ब्रजेश राय, शिविर प्रभारी आशा मीणा सहित नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
