बूंदी। श्री बजरंग जन कल्याण एवं आध्यात्मिक समिति की ओर से बाणगंगा स्थित नरसिंह आश्रम में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। समिति अध्यक्ष राजेश शर्मा की अगुवाई में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान गोवर्धन पूजन के साथ भजन संध्या का आयोजन हुआ और श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसादी वितरित की गई।
समिति प्रवक्ता अभिषेक जैन ने बताया कि महोत्सव के मुख्य अतिथि नगर परिषद सभापति भरत शर्मा रहे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
महोत्सव के अवसर पर आयोजित भजन संध्या में कलाकारों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। पूरा आश्रम परिसर भजनों और गोवर्धन महाराज के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने अन्नकूट प्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ लिया। इस दौरान शहर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।
