बूंदी, 20 सितंबर। नशे के खिलाफ जागरूकता को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (माय भारत) केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के तहत राष्ट्रीय संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। शहर स्थित श्रीदेव निजी शिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार, मित्रों और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के नशामुक्ति कार्यक्रम के जिला प्रभारी किशनलाल कहार, ब्रह्माकुमारीज की गीता दीदी एवं अलका दीदी तथा संस्थान निदेशक राधेश्याम गुर्जर अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई।
इसके बाद विषय विशेषज्ञों ने युवाओं से संवाद कर नशे के दुष्परिणामों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। जिला प्रभारी किशनलाल कहार ने कहा कि नशे से बचाव के लिए जागरूकता के साथ सही जानकारी और सकारात्मक जीवनशैली को अपनाना जरूरी है। उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में बताया और नशे से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों का निराकरण किया। उन्होंने स्वरचित लोक रचनाओं और लोकगीतों के माध्यम से भी युवाओं तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया।
ध्यान और आत्मअनुशासन पर दिया जोर
ब्रह्माकुमारीज की गीता दीदी एवं अलका दीदी ने कहा कि मन को सकारात्मक दिशा देकर युवा अपनी ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगा सकते हैं। उन्होंने व्यसन से दूर रहने, आत्मअनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन में अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने ब्रह्माकुमारीज केंद्र की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देने के साथ युवाओं को ध्यान का अभ्यास भी कराया। इस दौरान युवाओं को मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया गया।
संस्थान निदेशक राधेश्याम गुर्जर ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
युवाओं ने लिया सामूहिक संकल्प
माय भारत केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक रोहिल कुमार कट्टा ने केंद्र की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद सहभागी युवाओं ने सामूहिक संकल्प लिया और हस्ताक्षर कर राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक हरिओम शर्मा ने किया। इस अवसर पर संस्थान के ओमप्रकाश गुर्जर, रामेष्ट युवा मंडल के सचिव रोहन गुर्जर, केंद्र के शिवराज गोचर, स्वयंसेवक हनुमान सैनी, आकांक्षा नागर, नेराजी गुर्जर, गुड्डी, हरगोविन्द सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नशामुक्त जीवनशैली, आत्मअनुशासन और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
