बूंदी, 12 नवंबर। बूंदी को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में नवल सागर पार्क और झील के सौंदर्यीकरण की कवायद तेज हो गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजेश गोयल ने गुरुवार को पार्क के सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क को इस तरह विकसित किया जाए, जिससे देशी-विदेशी पर्यटक आकर्षित हों। साथ ही भविष्य की जरूरतों को देखते हुए व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने पर जोर दिया।
गोयल ने बूंदी के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और पर्यटकों को क्षेत्र की कला-संस्कृति से परिचित कराने के लिए नवल सागर क्षेत्र में लघु बाजार स्थापित करने का सुझाव दिया। विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
झील के गंदे नालों पर लगेगी रोक, रोशनी से जगमगाएगा किनारा
नवल सागर झील के संरक्षण को लेकर गोयल ने झील में गिर रहे गंदे नालों को बंद करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने झील के पानी को स्वच्छ रखने और किनारों पर गंदगी रोकने के लिए स्थायी इंतजाम करने को कहा। लाइट एंड साउंड शो के संचालन में आ रही बाधाओं को दूर कर इसे जल्द शुरू करने तथा रात में झील किनारे पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने इंटरलॉकिंग, फूड कोर्ट, सिट आउट एरिया, छतरी निर्माण और नालों को ढकने सहित शहर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। विभागीय नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया तेज कर निर्माण कार्य जल्द धरातल पर उतारने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव, नगर परिषद सभापति भरत शर्मा, आयुक्त ब्रजेश राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
