बूंदी। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए नर्सिंग ऑफिसर दंपति ने रक्तदान कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। पंडित ब्रज सुंदर शर्मा सामान्य चिकित्सालय, बूंदी में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर मनोज तिलकर और जे.के. लोन अस्पताल, कोटा में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर गरिमा बैरवा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर चिकित्सालय के ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया।
इस अवसर पर मनोज तिलकर ने कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत खुशी के अवसर को किसी जरूरतमंद की मदद कर मनाना सुकून देने वाला अनुभव है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने जीवन के विशेष दिनों को रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों से जोड़कर सार्थक बनाएं।
गरिमा बैरवा ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी होने के नाते वे रोजाना मरीजों की पीड़ा और रक्त की जरूरत को करीब से देखते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान का छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
चिकित्सालय स्टाफ ने की सराहना
ब्लड बैंक की टीम और चिकित्सालय स्टाफ ने दोनों नर्सिंग अधिकारियों को जन्मदिन की बधाई दी और रक्तदान के लिए उनकी सराहना की। चिकित्सालय प्रशासन ने उनके इस प्रयास को अन्य कर्मचारियों और आमजन के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस दौरान प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीनारायण मीणा, नर्सिंग अधीक्षक कैलाश मीणा, अब्दुल रहमान, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर अनीश अहमद, रामलक्ष्मण मीणा, यश सक्सेना, प्रतिभा प्रजापत और दिनेश मीणा सहित चिकित्सालय स्टाफ मौजूद रहा।
