नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी। बूंदी जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित प्रथम बूंदी ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 64 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 15 महिला खिलाड़ी और 8 रेटेड खिलाड़ी शामिल रहे। विभिन्न दौर के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
प्रतियोगिता में बूंदी की लवप्रीत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 3100 रुपए नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कोटा के देवांश संतवानी दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें 2100 रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। बूंदी के कमलेश मीणा ने तीसरा स्थान प्राप्त कर 1100 रुपए नकद पुरस्कार और ट्रॉफी हासिल की। प्रतियोगिता के शीर्ष 10 खिलाड़ियों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बूंदी नगर परिषद के उपसभापति संजय बुटाने और वार्ड पार्षद प्रियंका मुंदड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज बच्चों और युवाओं में एकाग्रता, तार्किक क्षमता, धैर्य और सही निर्णय लेने की योग्यता विकसित करता है। ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।
प्रतियोगिता में विशेष उपलब्धियों के लिए भी पुरस्कार प्रदान किए गए। दक्ष राठौड़ को बेस्ट बूंदी खिलाड़ी, पायल लक्षकार को बेस्ट गर्ल खिलाड़ी और मनन को सबसे कम उम्र के खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा गया।
इससे पहले जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष संजय कुमार बहती और उपाध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर मिला।
