बूंदी। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत चतुर्थ चरण में जिले की सात पंचायत समितियों की 195 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। इन पदों के लिए 15 नवंबर को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 16 नवंबर को मतदान और मतगणना होगी, जबकि 17 नवंबर को उपसरपंच का निर्वाचन कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) हरफूल सिंह यादव ने बताया कि चतुर्थ चरण में बूंदी, केशवरायपाटन, हिंडोली, नैनवां, लाखेरी, दबलाना और खटकड़ पंचायत समितियों की 195 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए चुनाव होंगे। चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थी 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इसी दिन सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना करवाई जाएगी। वहीं, उपसरपंच का निर्वाचन 17 नवंबर को होगा।
महत्वपूर्ण चुनाव कार्यक्रम
| तारीख | चुनावी प्रक्रिया |
| 15 नवंबर | नामांकन, संवीक्षा और नाम वापसी |
| 16 नवंबर | सुबह 7 से शाम 6 बजे मतदान, इसके बाद मतगणना |
| 17 नवंबर | उपसरपंच का निर्वाचन |
