बूंदी, 3 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत बूंदी जिले में चतुर्थ चरण की नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार को लोक सूचना जारी होने के तीसरे दिन जिले की विभिन्न पंचायत समितियों में 92 अभ्यर्थियों ने कुल 98 नामांकन पत्र दाखिल किए।
प्रभारी अधिकारी सांख्यिकी प्रकोष्ठ से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को नैनवां पंचायत समिति में सबसे अधिक 23 अभ्यर्थियों ने 25 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। वहीं बूंदी में 14 उम्मीदवारों ने 14, दबलाना में 13 ने 13 तथा हिण्डोली में 20 अभ्यर्थियों ने 20 नामांकन पत्र दाखिल किए।
इसी प्रकार केशवरायपाटन में 6 अभ्यर्थियों ने 7, खटकड़ में 9 ने 9 तथा लाखेरी में 7 उम्मीदवारों ने 10 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 नवंबर निर्धारित की गई है। ऐसे में आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया में और तेजी आने की संभावना है।
