नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
बूंदी, 26 अक्टूबर। पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच-सरपंच के चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इन चुनावों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए ईवीएम से मतदान होगा, जबकि पंच और सरपंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे। मतदान दलों में नियुक्त मतदान अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण रविवार को नगर परिषद के टाउन हॉल में पूरा हुआ। इसमें करीब एक हजार मतदान अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण प्रभारी एवं दक्ष प्रशिक्षक चंद्रप्रकाश राठौर ने मतदान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक मतदाता को दो-दो वोट देने होंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए अलग-अलग ईवीएम मशीनें रहेंगी। सहायक मतदान अधिकारी संख्या 3 और 4 के पास कंट्रोल यूनिट का बटन होगा।
इसी तरह पंच और सरपंच के निर्वाचन के लिए भी अलग-अलग बैलेट पेपर जारी किए जाएंगे। राठौर ने बताया कि मतदान दल की जिम्मेदारी होगी कि प्रत्येक मतदाता दोनों पदों के लिए अपना मत देने के बाद ही मतदान केंद्र से बाहर निकले। मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने और पूरी सतर्कता के साथ शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण में दक्ष प्रशिक्षक भूपेंद्र शर्मा, नवनीत जैन, हेमंत झा, संजय गुप्ता और अमित विजयवर्गीय ने मतदान अधिकारियों को उनके दायित्वों और कर्तव्यों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के अंतिम चरण में ईवीएम और मतपेटी के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, सोमवार 26 अक्टूबर और मंगलवार 27 अक्टूबर को सहायक मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित होगा, जिसमें प्रथम मतदान अधिकारी भाग लेंगे।
