बूंदी, 14 नवंबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के दौरान आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने चिकित्सा विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर एचडी सिंह ने सीएमएचओ और पीएमओ को आदेश जारी कर सभी चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सकों, नर्सिंग, पैरामेडिकल और अन्य कार्मिकों को चुनाव अवधि में अपने पदस्थापन स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुसार, चुनाव अवधि के दौरान कोई भी चिकित्सा कार्मिक सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना अपना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा। सभी कार्मिकों को मोबाइल फोन चालू रखने के लिए भी पाबंद किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उनसे तत्काल संपर्क किया जा सके।
इसके अलावा जिले की सभी एम्बुलेंस और उनके वाहन चालकों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आकस्मिक घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचेगी और पीड़ित को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएगी। जिला प्रशासन ने चुनाव के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।
