बूंदी, 14 अक्टूबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 में चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए डाक मतपत्र की सुविधा दी जाएगी। इसके तहत जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में ड्यूटी पर लगे कार्मिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार डाक मतपत्र से अपना वोट डाल सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर के निर्देशानुसार चुनाव ड्यूटी के कारण अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर नहीं पहुंच पाने वाले कार्मिकों के लिए 2 नवंबर और 13 नवंबर को पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल पर डाक मतपत्र सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कार्मिक अपनी ड्यूटी के अनुसार इन केंद्रों पर पहुंचकर मतदान कर सकेंगे।
आवेदन के साथ देने होंगे जरूरी दस्तावेज
अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) एवं डाक मतपत्र प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि डाक मतपत्र से मतदान करने के इच्छुक कार्मिकों को अपनी चुनाव ड्यूटी का विवरण, फोटोयुक्त पहचान पत्र और निर्धारित प्ररूप-1 जमा करवाना होगा। आवेदन में मतदाता सूची के अनुसार ग्राम पंचायत, वार्ड संख्या और मतदाता क्रमांक सही-सही भरना अनिवार्य है।
इन तारीखों तक जमा होंगे आवेदन
निर्वाचन विभाग के अनुसार तीसरे चरण के लिए आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर को शाम 5 बजे तथा चौथे चरण के लिए 8 नवंबर को शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।
कार्मिकों को अपने आवेदन डाक मतपत्र प्रकोष्ठ, राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग, बूंदी में भरकर जमा करवाने होंगे। वहीं, सहायक मतदान अधिकारी द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ अपने आवेदन निर्धारित समय सीमा से पहले नजदीकी रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।
निर्वाचन प्रशासन की इस व्यवस्था का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में जिम्मेदारी निभा रहे कार्मिकों को मतदान का अवसर उपलब्ध करवाना है, ताकि चुनाव ड्यूटी के कारण वे अपने मताधिकार से वंचित न रहें।
