नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत बूंदी जिले में तृतीय एवं चतुर्थ चरण के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और नाम निर्देशन दलों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में अधिकारियों को नामांकन प्रक्रिया से जुड़े दायित्वों और निर्वाचन नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनर चंद्र प्रकाश राठौर ने बताया कि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन पत्र प्राप्त करने तथा उनकी संवीक्षा की प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारियों के सीधे पर्यवेक्षण में होगी। प्रशिक्षण के दौरान पंच, सरपंच, उपसरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन नियमों पर भी जानकारी दी गई।
अधिकारियों को नामांकन के साथ प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों, संवीक्षा के दौरान जांच के बिंदुओं, नाम वापसी, चुनाव लड़ने वाले पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया समझाई गई। राठौर ने कहा कि दोहरी चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर कार्मिकों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया निर्बाध और त्रुटिरहित संपन्न कराने के लिए नियमों का पालन करते हुए सावधानी से कार्य करना जरूरी है।
