बूंदी। पंचायत आम चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत बूंदी जिले में निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण बुधवार को नगर परिषद टाउन हॉल में शुरू हुआ। पहले दिन दो बैच में आयोजित प्रशिक्षण में 120 रिटर्निंग अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को सरपंच, पंच और उपसरपंच पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
दक्ष प्रशिक्षक चंद्रप्रकाश राठौर ने बताया कि प्रशिक्षण में पीपीटी के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया समझाई गई। पंचायत चुनाव में प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर मतदान दलों के साथ एक रिटर्निंग अधिकारी की नियुक्ति की गई है। सरपंच और पंच पदों की निर्वाचन प्रक्रिया पंचायत मुख्यालय पर बनाए गए मतदान केंद्र पर ही पूरी की जानी है। ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराने में रिटर्निंग अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
नामांकन से चुनाव चिह्न आवंटन तक की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारियों को पंच और सरपंच पदों के लिए नाम निर्देशन पत्र भरवाने, उनकी संवीक्षा करने, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन सहित निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बैलेट पेपर तैयार करने और मतदान प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराने के बारे में भी बताया गया।
प्रशिक्षण के अंतिम चरण में मतपेटी के माध्यम से मतदान कराने का डेमो दिया गया। इसके जरिए अधिकारियों को मतदान की व्यावहारिक प्रक्रिया समझाई गई, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
23 अक्टूबर तक चलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में दक्ष प्रशिक्षक भूपेंद्र शर्मा, नवनीत जैन, अमित विजयवर्गीय, हेमंत झा और संजय कुमार गुप्ता ने भी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जानकारी दी।
पंचायत आम चुनाव 2026 के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण दो बैच में 23 अक्टूबर तक चलेगा। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है, जिससे पंचायत चुनाव की जिम्मेदारियों का निर्वहन निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार किया जा सके।
