नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
पंचायत आम चुनाव 2026 में पंच और सरपंच पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बूंदी में निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। गुरुवार को नगर परिषद टाउन हॉल में रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण दूसरे दिन भी जारी रहा। इसमें 120 अधिकारियों ने भाग लिया। दक्ष प्रशिक्षकों ने पीपीटी के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी देते हुए अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया।
प्रशिक्षण के दौरान दक्ष प्रशिक्षक चंद्रप्रकाश राठौर ने बताया कि प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर मतदान के बाद मतगणना की जाएगी। इस प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराने में रिटर्निंग अधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। अधिकारियों को पंच और सरपंच पदों के नामांकन पत्र भरवाने, उनकी संवीक्षा करने, नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कराने और चुनाव चिह्न आवंटित करने के बारे में विस्तार से समझाया गया।
प्रशिक्षण में बैलेट पेपर तैयार करने से लेकर मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। मतपेटियों को खोलने और सील करने की प्रक्रिया समझाते हुए निर्वाचन कार्य में निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान दक्ष प्रशिक्षक भूपेंद्र शर्मा, नवनीत जैन, अमित विजयवर्गीय, हेमंत झा और संजय कुमार गुप्ता ने भी रिटर्निंग अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया।
सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण आज
पंचायत चुनाव 2026 के लिए जिले में नियुक्त सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण शुक्रवार, 23 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे नगर परिषद टाउन हॉल में आयोजित होगा।
