बूंदी, 13 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के चतुर्थ चरण में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हरफूल सिंह यादव ने जिले की सात पंचायत समितियों की राजस्व सीमाओं में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लागू कर दी है।
इसके तहत बूंदी, नैनवां, हिंडोली, दबलाना, खटकड़, लाखेरी और केशवरायपाटन पंचायत समिति क्षेत्रों में निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी। इन क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा। इसके मद्देनजर 12 नवंबर शाम 6 बजे से 14 नवंबर शाम 6 बजे तक चुनाव प्रचार, जनसभाओं और जुलूसों पर प्रतिबंध रहेगा।
इसी तरह पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को होने वाले मतदान को देखते हुए 14 नवंबर शाम 6 बजे से 16 नवंबर शाम 6 बजे तक चुनाव प्रचार और जनसभाएं नहीं हो सकेंगी। मतदान से 48 घंटे पहले प्रचार गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी। इस दौरान विधि विरुद्ध जमावड़ा करने, जनसभा आयोजित करने या उसमें शामिल होने तथा जुलूस निकालने पर भी पाबंदी रहेगी।
मतदान केंद्रों के आसपास भी रहेगी सख्ती
प्रशासन के आदेश के अनुसार मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में प्रत्याशी या राजनीतिक दल अपना चुनाव कार्यालय अथवा सहायता केंद्र स्थापित नहीं कर सकेंगे। वहीं मतदान के दिन केंद्र के 100 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्ति मोबाइल फोन, वायरलेस सेट या अन्य इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरण न तो इस्तेमाल कर सकेंगे और न ही अपने साथ रख सकेंगे। चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को इससे छूट दी गई है।
नकदी और शराब बांटने पर रहेगी निगरानी
निषेधाज्ञा के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से नकदी, शराब और उपहार बांटने जैसी गतिविधियों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति या समूह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सभी संबंधित क्षेत्रों में आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
