नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत बूंदी जिले में तीसरे और चौथे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले की 235 ग्राम पंचायतों में बनाए गए 796 मतदान केंद्रों के लिए नियुक्त 152 सेक्टर अधिकारियों को शुक्रवार को नगर परिषद टाउन हॉल में प्रशिक्षण दिया गया। इसमें अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया, आचार संहिता की पालना और चुनावी अनियमितताओं पर निगरानी रखने से जुड़े दायित्वों की जानकारी दी गई।
दक्ष प्रशिक्षक चंद्रप्रकाश राठौर ने बताया कि जिले के 796 मतदान केंद्रों के लिए 152 सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ सरपंच, पंच एवं उपसरपंच के निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया समझाई। अधिकारियों को चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं और अपने दायित्वों का निर्वहन निर्धारित नियमों के अनुसार करने की जानकारी दी गई।
आचार संहिता और भयमुक्त मतदान पर जोर
मास्टर ट्रेनर भूपेंद्र शर्मा ने सेक्टर अधिकारियों को मतदान क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित कराने, मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और भयग्रस्त मतदाताओं की पहचान कर उन्हें मतदान के लिए प्रोत्साहित करने से जुड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही चुनाव प्रचार में लगे अवैध वाहनों पर निगरानी रखने तथा चुनाव अपराधों से संबंधित कानूनी प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
नवनीत जैन ने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन में ईवीएम मशीनों के उपयोग तथा मतदान प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षण दिया। दक्ष प्रशिक्षक हेमंत झा और अमित विजयवर्गीय ने भी सेक्टर अधिकारियों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी।
इससे पहले निर्वाचन कार्य में नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं, नियमों और जिम्मेदारियों के पालन पर जोर दिया गया।
