बूंदी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रकोष्ठ ने पंचायती राज चुनावों को लेकर संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। इसके तहत गयासुद्दीन भट्टी को बूंदी और हिंडोली विधानसभा क्षेत्रों का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, महेंद्र खींची को संपूर्ण बूंदी जिले की चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम स्वामी के निर्देशानुसार ये नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी की ओर से इन नियुक्तियों को पंचायती राज चुनावों के दौरान संगठन को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम बताया गया है।
जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी
नवनियुक्त चुनाव प्रभारियों को चुनाव के दौरान संगठन की गतिविधियों में समन्वय स्थापित करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के पक्ष में संगठनात्मक प्रयासों को मजबूत करने पर भी जोर रहेगा।
नियुक्तियों पर कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
गयासुद्दीन भट्टी और महेंद्र खींची की नियुक्तियों के बाद स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताई। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इन नियुक्तियों से आगामी पंचायती राज चुनावों में संगठन को मजबूती मिलेगी।
