बूंदी। पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस तालेड़ा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) सदस्य सत्येश शर्मा ने कार्यकर्ताओं और चुनाव के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों से चर्चा की। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं से संभावित उम्मीदवारों के संबंध में राय ली गई। विधायक हरिमोहन शर्मा ने दावा किया कि आगामी पंचायती राज चुनाव में बूंदी जिले में कांग्रेस का जिला प्रमुख और सभी पंचायत समितियों में प्रधान बनेंगे।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर राठौड़ ने बताया कि बैठक बूंदी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जिला परिषद की 9 सीटों और पंचायत समिति तालेड़ा के चुनाव को लेकर आयोजित की गई। बैठक में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों से बारी-बारी से चर्चा की गई और उनके संबंध में स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय जानी गई।
भाजपा सरकार पर लगाए वादे पूरे नहीं करने के आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक हरिमोहन शर्मा ने कहा कि पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। भाजपा ने चुनाव के दौरान जो वादे किए थे, वे धरातल पर नहीं उतरे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने से लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है।
शर्मा ने नगर निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए भाजपा पर सरकारी तंत्र और पुलिस प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पंचायत चुनाव लड़ना होगा। टिकट के कई दावेदार हो सकते हैं, लेकिन पार्टी किसी एक उम्मीदवार को ही अधिकृत करेगी। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के घोषित प्रत्याशी के समर्थन में जुटना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस उम्मीदवारों को हराने के लिए विरोधी पक्ष की ओर से प्रयास किए जा सकते हैं। उन्होंने पार्टी की एकजुटता को चुनाव के लिए महत्वपूर्ण बताया।
तालेड़ा में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का लक्ष्य: सत्येश शर्मा
पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पंचायत समिति तालेड़ा में अपना बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी चुनाव की तैयारियों को दर्शाती है।
शर्मा ने भी भाजपा सरकार पर नगर निकाय चुनावों में सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गांवों और ढाणियों में लोग पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी, जिन्हें स्थानीय कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त हो, जिनके जीतने की संभावना हो और जो जनता की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए काम कर सकें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की अपील की।
युवा कांग्रेस पदाधिकारियों का किया स्वागत
बैठक के दौरान विधायक हरिमोहन शर्मा और पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा ने बूंदी युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष वीरभान नागर, बूंदी विधानसभा अध्यक्ष जोनेश मीणा और तालेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष अनु गोस्वामी का स्वागत किया।
बैठक को ब्लॉक अध्यक्ष रामकरण मीणा, प्रेमशंकर राठौड़, ओबीसी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष बृजमोहन यादव, सरपंच संघ सचिव आनंदीलाल मीणा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जगरूप रधावा और इकरामुद्दीन बबलू सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सामाजिक प्रकोष्ठ सचिव महेंद्र खींची, जिला अध्यक्ष सामाजिक प्रकोष्ठ गयासुद्दीन भट्टी, पूर्व प्रधान रघु शर्मा, पंचायत समिति सदस्य करण सिंह, जिला परिषद सदस्य युवराज राठौर, चंद्र प्रकाश दाधीच, मंडल अध्यक्ष इमरान देशवाली सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
