बूंदी, 1 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत बूंदी जिले में चौथे चरण की नामांकन प्रक्रिया शनिवार को लोक सूचना जारी होने के साथ शुरू हो गई। हालांकि, नामांकन के पहले दिन जिले की सात पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए एक भी नाम निर्देशन पत्र दाखिल नहीं हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने बताया कि शनिवार को चौथे चरण के चुनाव के लिए लोक सूचना जारी कर दी गई। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हुई।
उन्होंने बताया कि पहले दिन पंचायत समिति बूंदी, दबलाना, हिंडोली, केशवरायपाटन, खटकड़, लाखेरी और नैनवां में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए किसी भी अभ्यर्थी ने नामांकन पत्र प्रस्तुत नहीं किया।
इस तरह चौथे चरण के तहत सातों पंचायत समितियों में पहले दिन नामांकन का खाता नहीं खुला। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 4 नवंबर तक चलेगी। सार्वजनिक अवकाश के दिनों को छोड़कर अभ्यर्थी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा करा सकेंगे।
