बूंदी। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मतदान को लेकर बूंदी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान कराने के लिए 3300 पुलिस अधिकारी, जवान और होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। जिले के 653 मतदान केंद्रों में से 55 पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जबकि 65 मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार गश्त कर चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था की कमान 8 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों और 11 उप पुलिस अधीक्षकों के हाथों में रहेगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सशस्त्र पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
एसपी ने पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी के लिए नियुक्त अधिकारियों और जवानों की बैठक लेकर निष्पक्षता एवं सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान में बाधा डालने, मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने या चुनाव प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।
बूंदी पुलिस ने मतदाताओं से बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के मतदान करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चुनावी गड़बड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।
