बूंदी। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में शनिवार को बूंदी जिले की सात पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा। गांवों की सरकार चुनने के लिए 5.93 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बूंदी, हिंडोली, नैनवां, लाखेरी, केशवरायपाटन, दबलाना और खटकड़ पंचायत समितियों में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए जिले में 653 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 5,93,700 मतदाताओं में 3,04,415 पुरुष, 2,89,284 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
पंचायत समिति के अनुसार नैनवां में सबसे अधिक 1,29,281 मतदाता हैं। इनमें 66,762 पुरुष और 62,519 महिलाएं हैं। हिंडोली में 89,942 मतदाता, दबलाना में 87,906, केशवरायपाटन में 77,845, लाखेरी में 76,008, बूंदी में 70,251 और खटकड़ में 62,467 मतदाता मतदान करेंगे। बूंदी पंचायत समिति में 35,495 पुरुष, 34,755 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत है।
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया और दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने मतदाताओं से लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।
