बूंदी, 13 अक्टूबर | नागरिक अभिव्यक्ति। पंचायतीराज चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें जिले की सभी 8 पंचायत समितियों के 32 कार्मिकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान पंचायत चुनाव की विभिन्न प्रक्रियाओं की तकनीकी जानकारी दी गई।
नामांकन प्रक्रिया और मतदान प्रणाली का प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के साथ सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नाम निर्देशन की प्रक्रिया समझाई गई। पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पदों के चुनाव में ईवीएम के माध्यम से मतदान तथा मतगणना की प्रक्रिया का भी प्रशिक्षण दिया गया।
इसके साथ ही सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतपत्रों से होने वाले चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों को उपसरपंच के निर्वाचन की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
चार जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने दी जानकारी
प्रशिक्षण में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर चंद्रप्रकाश राठौर, भूपेंद्र शर्मा, हेमंत झा और संजय गुप्ता ने अलग-अलग विषयों पर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी।
प्रशिक्षण का उद्देश्य ब्लॉक स्तर पर निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी रखने वाले प्रशिक्षित कार्मिक तैयार करना है, ताकि पंचायतीराज चुनाव के दौरान नामांकन, मतदान और मतगणना सहित विभिन्न कार्यों को नियमानुसार संपन्न कराया जा सके।
